झारखंड में अब तक 116 कोरोना संक्रमण के केस आ चुके हैं। रविवार की देर शाम मुख्य सचिव सुखदेव सिंह द्वारा लॉक डाउन थ्री में किसी प्रकार की छूट नहीं दिए जाने संबंधी आदेश जारी कर दिया। कोरोना प्रभावित दूसरे राज्यों से भारी संख्या में आ रहे श्रमिकों, छात्रों को देखते हुए झारखंड में एहतियात के तौर पर अभी कोई छूट नहीं दी जाएगी। 21 अप्रैल के बाद 3 मई को पहली बार कोई संक्रमित नहीं मिला था। अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में रविवार को 5 और मरीजों ने कोरोना को मात दे दी।

लॉकडाउन फेज-3 के पहले दिन सोमवार को राज्य के 11 संक्रमित जिलों विशेषकर रांची में सख्ती बरती जा रही है। वहीं अन्य जिलों में भी लॉकडाउन का पालन पुलिस-प्रशासन द्वारा सख्ती से कराया जा रहा है। सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर शहर के अंदर और जिले की सीमा पर वाहनों की जांच की जा रही है। पर्याप्त कागजात होने पर वाहनों का आगे जाने दिया जा रहा है। वहीं लॉकडाउन फेज-3 को लेकर राज्य में आवश्यक खाद्य सामग्रियों की दुकान, दूध, फल, सब्जी, मेडिकल व पंखा की दुकानें ही खुलीं हैं। अन्य किसी भी तरह की दुकानों को खोलने पर पाबंदी है। इस दौरान सोशल डिस्टेंस बनाकार ही समानों की खरीदारी करनी है।

कोरोना अपडेट्स
- रांची: राज्य के रेड जोन में शामिल जिले में 84 लोगों में कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 50 से ज्यादा हॉट स्पॉट हिंदपीढ़ी से हैं। हिंदपीढ़ी व सटे इलाकों की हेल्थ स्क्रीनिंग फिर से शुरू हुई है। मेडिकल टीम घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रही है। डीसी राय महिमापत रे ने बताया कि 6 मई तक यहां स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। उधर, ट्रैफिक पुलिस ने लॉकडाउन एक और लॉकडाउन दो के दौरान राजधानी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में 3 करोड़ 76 लाख रुपए का चालान काटा है। रांची नगर निगम ने सैनिटाइजेशन के लिए 200 नई स्प्रे मशीनें खरीदी हैं।
- बोकारो: जिले में अब तक 10 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है जबकि छह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले में रविवार को कुल 32 सैंपल जांच के लिये भेजे गए। इसमें 10 साडम ओर 22 सैंपल तेलो से लिए गए हैं। लॉकडाउन में राजस्थान के कोटा में फंसे बोकारो के छात्र 187 छात्र स्पेशल ट्रेन से धनबाद पहुंचे। इनमें से तीन छात्रों को सदर अस्पताल स्थित क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया।
- धनबाद: जिले में अब तक मिले दो संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। रविवार को पीएमसीएच में 210 संदिग्ध मरीज का कोरोना जांच के लिए स्वाब लिया गया। इसमें से सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 1200 से ज्यादा सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। इसमें 1000 से ज्यादा सैंपलों की जांच की जा चुकी है। वहीं 200 से अधिक सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग है।
- जमशेदपुर: राज्य सरकार की ओर से लॉकडाउन-3 में ढील नहीं दिए जाने के चलते टाटा स्टील समेत टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस, टिमकेन आदि कंपनियों में चार मई से काम शुरू नहीं हो पाएगा। जिला प्रशासन की ओर से इन कंपनियों को सामान्य कामकाज शुरू नहीं करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद इन कंपनियों ने एक रोज पहले जारी अपने सर्कुलर में बदलाव करते हुए आवश्यक सेवा को छोड़ पहले जैसी ही व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश जारी कर दिया है।
- हजारीबाग: जिले में अबतक तीन लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। तीनों स्वस्थ्य भी हो चुके हैं। जिले में कोरोनावायरस को लेकर किए जा रहे प्रारंभिक जांच स्क्रीनिंग का आंकड़ा रविवार तक 20,143 पर पहुंच गया। अब तक की जांच के बाद 55 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। 267 लोगों को क्वारेंटाइन में रखा गया था। जबकि 4,165 लोग होम क्वारेंटाइन में भेजे गए थे। रविवार तक वार्ड फैसिलिटी क्वारेंटाइन से 2,783 लोगों को मुक्त किया जा चुका है।जबकि 14 दिनों तक सर्विलांस के बाद होम क्वारेंटाइन से 12,561 लोग मुक्त किए गए हैं।
- कोडरमा: डेडिकेटेड कोविड हेल्थ केयर अस्पताल होली फैमिली में भर्ती गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना अंतर्गत जहनाडीह निवासी युवक की दूसरी बार भेजी गई सैंपल निगेटिव आई है। इससे मरीज के ठीक होने की संभावना काफी बढ़ गई है। कोरोना महामारी को लेकर जिला स्तर पर बनाए गए क्वारैंटाइन वार्ड में रखे गए 125 लोगों को रविवार को छुट्टी दे दी गई। इन लोगों को अगले 14 दिनों तक घरों में भी क्वारैंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है। इधर, कोडरमा सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड से बीती रात एक कोरोना संदिग्ध मरीज भाग निकला। वो बिहार का रहने वाला था। मछरदानी के सहारे वो आइसोलेशन वार्ड से बाहर निकला और भाग गया।
- गढ़वा: जिले में रविवार तक गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 367 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से कुल 358 सैंपल को जांच कराने हेतु रांची रिम्स भेजा गया है। जांच के क्रम में गढ़वा सदर प्रखंड से ही अभी तक कोविड-19 के 03 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि 272 सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं एवं शेष 92 सैंपल का जांच लंबित है। जिले का पहला कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति दूसरी बार जांच में निगेटिव पाया गया है। अब एक निश्चित अंतराल पर दोबारा भी सैंपल लिया जाएगा। वहीं पहले संक्रमित मरीज से जुड़े दो अन्य पॉजिटिव मरीजों का दूसरा सैंपल भेजी गई है। जिसका रिपोर्ट आने का इंतजार है।
- सिमडेगा: जिले में पॉजिटिव की संख्या दो है जिसमें से एक स्वस्थ्य होकर घर लौट चुका है। वहीं, रविवार तक जिले में कुल 270 सैंपल भेजे जा चुके हैं। इनमें 237 रिपोर्ट निगेटिव जबकि 26 रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं अलग-अलग क्वारैंटाइन सेंटर में अब तक 109 लोगों को जबकि 65 लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।
- पलामू: जिले के लेस्लीगंज में अब तक तीन कोरोना संक्रमण के मरीज मिल चुके हैं। तीनों को इलाज के लिए कोविड-19 सेंटर में भर्ती किया गया है। कोरोना पॉजिटिव के परिवार, रिश्तेदारों और उसके साथ क्वारैंटाइन में रहने वाले सभी का सैंपल निगेटिव आया है। पलामू जिला से अब तक 1331 सैंपल जांच के लिए रिम्स भेजा गया है। इसमें 1038 निगेटिव, 3 पॉजिटिव और 290 का जांच रिपोर्ट पेंडिंग हैं। 568 लोग होम और 776 क्वारैंटाइन सेंटर में हैं। जिले में 44 चेकनाका बनाया गया है जहां पुलिस निरंतर आने जाने वालों पर नजर रखे हुए हैं।
- गिरिडीह: जिले में अब तक दो कोरोना संक्रमण के केस मिल चुके हैं। दोनों का इलाज कोविड-19 सेंटर में चल रहा है। जिले के कोरोना पीड़ित महिला का स्वाब लेकर जांच के लिए पीएमसीएच धनबाद भेजा गया। जिले में अब तक 304 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिनमें से दो रिपोर्ट पॉजिटिव जबकि 253 रिपोर्ट निगेटिव आई है। 51 रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, कुल 321 संदिग्धों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है।
- देवघर: जिले में कुल चार पॉजिटिव केस में से पहले के दो पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने के बाद रविवार को उन्हें घर भेज दिया गया। अब तक जिले में 344 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिसमें 228 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 116 लोगों की रिपोर्ट भी जल्द ही आ जाएगी।
- जामताड़ा: जिले में अब तक दो संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। दोनों का कोविड-19 सेंटर में इलाज चल रहा है। प्लस टू हाई स्कूल नाला क्वारैंटाइन सेंटर के पास 200 मीटर का एरिया सील किया गया है। साथ ही बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी है। रेड जोन चिह्नित इलाके की 30 दुकानों को भी बंद कराया गया है। साथ ही 35 लोगों के स्वाब का सैंपल जांच के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। बंगाल सीमा स्थित गांवों के पास मुख्य सड़क को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। वहां पुलिस बल के साथ अधिकारी को भी तैनात किया गया है। इधर, बंगाल से आ रहे वैसे लोग को क्वारैंटाइन करने का प्रयास जारी है।

राज्य में कुल 116 संक्रमित: रांची के 84, बोकारो 10, पलामू 03, हजारीबाग 03, गढ़वा 03, धनबाद 02, गिरिडीह, 02, सिमडेगा 02, देवघर 04, जामताड़ा में 02 और गोड्डा में 01 मरीज में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
राज्य में अब तक 04 की मौत: रांची में तीन जबकि बोकारो के एक मरीज की मौत हो चुकी है।
राज्य में स्वस्थ्य हुए 27 मरीज: रांची में 10, बोकारो में छह, धनबाद में दो, हजारीबाग में दो, देवघर में दो, सिमडेगा में एक जबकि राज्य के अन्य जिलों से संक्रमित मरीजों में 04 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।